यूएई के राष्ट्रपति ने मोदी से फोन पर की बात, पश्चिम एशिया में शांति-स्थिरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई

WhatsApp Channel Join Now
यूएई के राष्ट्रपति ने मोदी से फोन पर की बात, पश्चिम एशिया में शांति-स्थिरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई


नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग और समन्वय की प्रतिबद्धता दोहराई।

मोदी ने एक्स पोस्ट में बताया कि यूएई के राष्ट्रपति ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नए उपायों पर चर्चा भी की। बातचीत के दौरान ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, निवेश और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।

यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान की भागीदारी तथा भारत की अध्यक्षता में सम्मेलन के ठोस परिणाम हासिल करने में यूएई के सहयोग और साझेदारी की सराहना की।

दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग और समन्वय की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story