प्रधानमंत्री मोदी की कजाकिस्तान और फिलीपींस के राष्ट्रपतियों से द्विपक्षीय वार्ता, रणनीतिक साझेदारी की मजबूती पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी की कजाकिस्तान और फिलीपींस के राष्ट्रपतियों से द्विपक्षीय वार्ता, रणनीतिक साझेदारी की मजबूती पर जोर




नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को यहां 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट तोकायेव और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर से अलग-अलग मुलाकात की। दोनों बैठकों में भारत के साथ द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। कजाकिस्तान के साथ राजनीतिक, व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और उभरती तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा हुई, जबकि फिलीपींस के साथ रक्षा, व्यापार एवं निवेश, अंतरिक्ष, रेल बुनियादी ढांचे, वित्तीय तकनीक, शिक्षा, पर्यटन, विज्ञान एवं तकनीक तथा नवाचार में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कजाकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ बैठक में दोनों देशों के प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को याद किया और हाल के वर्षों में भारत-कजाकिस्तान संबंधों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, उभरती तकनीक, रचनात्मक अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।

दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने आपसी हित और लाभ के लिए भारत-कजाकिस्तान रणनीतिक साझेदारी और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही क्षेत्र में शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए सहयोग जारी रखने पर जोर दिया।

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर के साथ मुलाकात में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में फिलीपींस की भागीदारी का स्वागत किया। फिलीपींस वर्तमान में आसियान की अध्यक्षता कर रहा है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष जताया और रणनीतिक साझेदारी के तहत संबंधों को और व्यापक बनाने पर सहमति जताई।

बैठक में रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, अंतरिक्ष, रेल बुनियादी ढांचा, वित्तीय तकनीक, शिक्षा, पर्यटन, विज्ञान एवं तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन में शामिल होने के फिलीपींस के निर्णय का भी स्वागत किया।

दोनों नेताओं ने अगस्त 2025 में राष्ट्रपति मार्कोस की भारत यात्रा के दौरान स्थापित रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया तथा रणनीतिक साझेदारी के सभी क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story