मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की, रणनीतिक साझेदारी को गति देने पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की, रणनीतिक साझेदारी को गति देने पर चर्चा


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मनीला में थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल से मुलाकात की और उन्हें पदभार संभालने पर व्यक्तिगत रूप से बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने भारत और थाईलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई गति देने के उपायों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और थाईलैंड समुद्री पड़ोसी हैं और सदियों पुराने साझा इतिहास, संस्कृति तथा आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को विभिन्न क्षेत्रों में नई गति देने के तरीकों पर विचार-विमर्श हुआ।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह मुलाकात 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन से इतर हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी की अप्रैल 2025 में थाईलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर पहुंचाया गया था।

बैठक में व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं वित्तीय प्रौद्योगिकी, संस्कृति, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने बिम्सटेक, हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए), मेकांग-गंगा सहयोग और आसियान के नेतृत्व वाले क्षेत्रीय मंचों पर मिलकर काम करने के महत्व को भी रेखांकित किया।

उन्होंने आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा भारत-थाईलैंड साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और थाईलैंड के बीच सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक विरासत, लोगों के बीच संपर्क और आपसी विश्वास पर आधारित पुरानी मित्रता है। थाईलैंड भारत की एक्ट ईस्ट नीति और आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत महत्वपूर्ण भागीदार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story