विश्व गैंडा दिवस पर मोदी ने ‘प्रोजेक्ट राइनो’ शुरू किए जाने की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
विश्व गैंडा दिवस पर मोदी ने ‘प्रोजेक्ट राइनो’ शुरू किए जाने की जानकारी दी


विश्व गैंडा दिवस पर मोदी ने ‘प्रोजेक्ट राइनो’ शुरू किए जाने की जानकारी दी


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को विश्व गैंडा दिवस के अवसर पर एक सींग वाले गैंडे के संरक्षण में जुटे लोगों की सराहना की और कहा कि देश में प्रजाति संरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए ‘प्रोजेक्ट राइनो’ शुरू किया गया है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस पहल के तहत गैंडा बहुल राज्यों को गैंडों के संरक्षण, आवास प्रबंधन, आनुवंशिक सुधार और आबादी की गतिशीलता को समझने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता दी जाएगी।

मोदी ने कहा कि दुनिया के गैंडों की आबादी का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा अब असम में है। उन्होंने गैंडों के अवैध शिकार को रोकने के लिए काजीरंगा के प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गैंडे या तो वापस लौटे हैं या अच्छी तरह संरक्षित हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के दुधवा में गैंडों को फिर से बसाने की सफलता इतिहास रच रही है।

मोदी ने कहा कि ये प्रयास संबंधित राज्यों में पशु संरक्षण और सक्रिय वन्यजीव प्रबंधन के प्रति लोगों की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

प्रधानमंत्री ने एक पोस्ट में कहा, “विश्व गैंडा दिवस पर हम शानदार एक सींग वाले गैंडे का उत्सव मनाते हैं और इसके संरक्षण में अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे सभी लोगों की सराहना करते हैं।”

उन्होंने कहा कि असम में अब दुनिया के करीब 80 प्रतिशत गैंडे हैं और काजीरंगा में गैंडों के अवैध शिकार को समाप्त करने के प्रयासों की व्यापक सराहना हुई है।

प्रधानमंत्री ने पोस्ट में कहा कि देश में प्रजाति संरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए ‘प्रोजेक्ट राइनो’ शुरू किया गया है, जिसके तहत गैंडा बहुल राज्यों को संरक्षण, आवास प्रबंधन, आनुवंशिक सुधार और आबादी की गतिशीलता को समझने के लिए वित्तीय तथा तकनीकी सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री ने विश्व गैंडा दिवस के अवसर पर गैंडों के संरक्षण से जुड़े कई चित्र भी साझा किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story