नरेन्द्र मोदी आज केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

WhatsApp Channel Join Now
नरेन्द्र मोदी आज केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद’ कार्यक्रम में केरल के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम शाम 4:30 बजे आयोजित होगा।

मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि केरल के लोग पूरे राज्य में भाजपा-राजग का उत्साहपूर्वक समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों के ‘खोखले वादों’ को समझ लिया है।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि वह आज शाम 4:30 बजे होने वाले ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद–केरलम’ कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं और इसमें भाग लेने के लिए उत्सुक हैं।

कार्यक्रम को पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं को सीधे प्रधानमंत्री से जुड़ने और अपने सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करना तथा आगामी चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, जनसंपर्क और केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा कर सकते हैं।

भाजपा के लिए केरल एक महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है, जहां पार्टी अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की लगातार कोशिश कर रही है। ऐसे में इस तरह के संवाद कार्यक्रमों को रणनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस पहल के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सीधे शीर्ष नेतृत्व से संवाद का अवसर देकर संगठनात्मक ऊर्जा को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story