प्रधानमंत्री ने कुवैत के अमीर से की बात, पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबा से टेलीफोन पर बातचीत की और पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सुरक्षा स्थिति पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की भारत की ओर से कड़ी निंदा दोहराई और इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जल्द से जल्द बहाली के लिए तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति की अपील दोहराई।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कुवैत में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने पर अमीर का आभार भी व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

