प्रधानमंत्री का 13-14 नवंबर को दो राज्यों का दौरा, कर्नाटक को देंगे 15600 करोड़ की सौगात, गुजरात में अंबाजी मंदिर में दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री का 13-14 नवंबर को दो राज्यों का दौरा, कर्नाटक को देंगे 15600 करोड़ की सौगात, गुजरात में अंबाजी मंदिर में दर्शन


नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन, नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी बिजली आपूर्ति परियोजनाएं, एलपीजी भंडारण सुविधा, रेलवे परियोजनाएं और कचरा प्रबंधन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। वह बेंगलुरु-मैंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 13 नवंबर को सुबह करीब 10:45 बजे बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वह स्वर्ण जयंती प्रशासनिक भवन की आधारशिला रखेंगे तथा केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा के नए परिसर का शुभारंभ करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:45 बजे तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा करेंगे और बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। करीब 1:15 बजे वह 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।

करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पिंक लाइन केलेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक विस्तारित है। इससे बेंगलुरु में शहरी परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, यात्रियों का समय बचेगा और रोजाना आवागमन आसान होगा।

प्रधानमंत्री करीब 4,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कोप्पल-द्वितीय और गदग-द्वितीय नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली पहुंचाने की परियोजना तथा करीब 1,370 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बीदर सौर ऊर्जा क्षेत्र से बिजली पहुंचाने की परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में क्रमशः करीब दो गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा और 2.5 गीगावाट सौर ऊर्जा को बिजली ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

मोदी 3,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दावणगेरे-चित्रदुर्ग और बल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली पहुंचाने की योजना तथा 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दावणगेरे और बल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को बिजली ग्रिड से जोड़ने की परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री मैंगलुरु में देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी इस सुविधा की भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इसके तहत न्यू मैंगलोर बंदरगाह से मुख्य टर्मिनल तक 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी बनाई गई है। इससे देश की एलपीजी भंडारण क्षमता और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

वह मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के बेंगलुरु स्थित देवांगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 330 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह सुविधा पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण को मजबूत करेगी।

मोदी बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के संपीड़ित जैव गैस (सीबीजी) संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। यह संयंत्र प्रतिदिन करीब 300 टन नगर निगम के ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन स्वच्छ संपीड़ित जैव गैस का उत्पादन करेगा। इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

रेलवे क्षेत्र में प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार स्टेशनों चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही इन्हें स्थानीय वाणिज्यिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है।

वह 284 किलोमीटर लंबी गदग-होटगी दोहरीकरण परियोजना के तहत बागलकोट-वंदाल के बीच 45 किलोमीटर लंबे रेलखंड के दोहरीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन सुगम होगा तथा कुडगी एनटीपीसी संयंत्र को कोयले की आपूर्ति में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलखंड के 55 किलोमीटर हिस्से के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके पूरा होने से बेंगलुरु-मैंगलुरु रेल मार्ग का संपूर्ण विद्युतीकरण हो जाएगा। वह बेंगलुरु-मैंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मैंगलुरु, उडुपी, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार होते हुए गोवा के मडगांव तक जाएगी। इससे तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री 13 नवंबर को ही मैसूरु जाएंगे। वहां शाम करीब 3:30 बजे वह 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत भारत वन में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 17.63 एकड़ में फैली इस परियोजना के तहत मियावाकी तकनीक से दो लाख से अधिक देशी पेड़ लगाने का लक्ष्य है। इससे जैव विविधता, भूजल पुनर्भरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

मोदी मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थापित कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन भी करेंगे। यह भारत का पहला एलईडी गुंबद वाला तारामंडल है। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान की ओर से विकसित इस केंद्र के गुंबद का व्यास 15 मीटर है, जिसमें करीब 6,150 पैनल और 4.2 करोड़ एलईडी लगी हैं। यहां खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रमों के प्रदर्शन के साथ संग्रहालय, प्रदर्शनी कक्ष, व्याख्यान कक्ष और प्रशिक्षण केंद्र भी होंगे। कार्यक्रम कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में उपलब्ध होंगे।

प्रधानमंत्री 14 नवंबर को गुजरात के बनासकांठा जिले में अंबाजी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में से एक है।

उल्लेखनीय है कि प्रशांति कुटीरम की स्थापना वर्ष 1975 में आधुनिक विज्ञान और भारत की आध्यात्मिक परंपरा के समन्वय के उद्देश्य से की गई थी। यह स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यासा) का आवासीय मुख्यालय है, जिसे वर्ष 2002 में मानद विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया था। इस वर्ष 13 से 23 नवंबर तक 'विकसित भारत 2047 की ओर' विषय पर इसकी स्वर्ण जयंती मनाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story