प्रधानमंत्री मोदी इस बार भी देश के वीर जवानों के बीच मनाएंगे दीपावली
नई दिल्ली, 07 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार भी दीपावली देश के वीर जवानों के बीच मनाएंगे। उन्होंने शनिवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर वर्ष उनका देश के वीर जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाने का प्रयास रहता है और इस बार भी यह परंपरा जारी रहेगी।
मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो संदेश में कहा, “दीपावली के पावन पर्व पर पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है। आप सभी को दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पर्व और आपका आगे का समय सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावली मनाता हूं और हर वर्ष आप जानते हैं कि देश के वीर जवानों के बीच जाना मेरा नित्य क्रम है। इस बार भी जारी रहेगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

