प्रियंका चतुर्वेदी के पिता ने प्रधानमंत्री मोदी को भेंट की ब्रज की सांस्कृतिक विरासत पर पुस्तक

WhatsApp Channel Join Now
प्रियंका चतुर्वेदी के पिता ने प्रधानमंत्री मोदी को भेंट की ब्रज की सांस्कृतिक विरासत पर पुस्तक


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) की नेता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी के पिता पुरुषोत्तम चतुर्वेदी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें ब्रज की सांस्कृतिक विरासत पर लिखी अपनी पुस्तक भेंट की।

प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी पिछली मुलाकात के दौरान उनके परिवार से मिलने और उनके पिता से पुस्तक व्यक्तिगत रूप से प्राप्त करने का वादा किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पिता ने ब्रज पर एक पुस्तक लिखी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से मेरी पिछली मुलाकात में उन्होंने मेरे परिवार से मिलने और मेरे पिता से व्यक्तिगत रूप से पुस्तक लेने का वादा किया था। आज उन्होंने ऐसा किया और मेरे माता-पिता से मिलने के लिए समय निकाला।’’

चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वह उनके समय और ‘‘स्नेहपूर्ण शब्दों’’ के लिए वास्तव में आभारी हैं।

प्रधानमंत्री को पुस्तक भेंट करने के दौरान प्रियंका चतुर्वेदी के माता-पिता और उनके पति विक्रम भी मौजूद थे।

पुस्तक में मथुरा और ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत तथा चतुर्वेदी समुदाय के इतिहास और परंपराओं को रेखांकित किया गया है। ब्रज क्षेत्र भगवान कृष्ण से जुड़ी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story