एमएलएफएफ टोल प्लाजा पर नंबर प्लेट छिपाने पर लगेगा पांच गुना जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
एमएलएफएफ टोल प्लाजा पर नंबर प्लेट छिपाने पर लगेगा पांच गुना जुर्माना


नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग व्यवस्था वाले प्लाजा पर टोल शुल्क से बचने के लिए वाहन की नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाने, उसमें छेड़छाड़ करने या फास्टैग नहीं लगाने पर अब संबंधित वाहन चालक से लागू टोल शुल्क का पांच गुना जुर्माना वसूला जाएगा। यह जुर्माना टोल शुल्क की वसूली के अतिरिक्त होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि एमएलएफएफ एक बैरियर रहित इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग व्यवस्था है। इसमें सड़क के ऊपर लगे गैंट्री पर फास्टैग रीडर और स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) कैमरों के जरिए वाहनों की पहचान कर टोल शुल्क स्वत: काट लिया जाता है। इससे वाहनों को रुकना नहीं पड़ता और प्रतीक्षा समय, यातायात जाम, ईंधन की खपत तथा प्रदूषण में कमी आती है।

मंत्रालय के अनुसार, यह जुर्माना उन मामलों में लागू होगा, जहां यह स्थापित हो कि वाहन चालक ने टोल शुल्क से बचने के इरादे से नंबर प्लेट को छिपाया, उसमें छेड़छाड़ की या उसे अस्पष्ट किया अथवा फास्टैग नहीं लगाया। इसमें वाहन की आगे या पीछे की नंबर प्लेट अथवा दोनों को छिपाने के मामले शामिल होंगे, जहां फास्टैग की भी पहचान नहीं हो सकी हो।

जुर्माने की राशि संबंधित टोल प्लाजा पर लागू शुल्क की पांच गुना होगी। यह राशि प्राधिकरण को दी जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि दोषी वाहनों की पहचान मजबूत और तकनीक आधारित प्रक्रिया के जरिए की जाएगी। यह प्रावधान उन सभी स्थानों पर लागू होगा, जहां एमएलएफएफ व्यवस्था पहले से संचालित है। भविष्य में जिन नए स्थानों पर यह व्यवस्था शुरू की जाएगी, वहां भी यह लागू होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story