मप्र के जबलपुर में 600 करोड़ की टी-72 टैंक ओवरहाल परियोजना का गुरुवार को होगा भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के जबलपुर में 600 करोड़ की टी-72 टैंक ओवरहाल परियोजना का गुरुवार को होगा भूमि पूजन


जबलपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत टी-72 टैंकों के ओवरहाल की बड़ी परियोजना शुरू होने जा रही है। करीब 600 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का भूमि पूजन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। जिला प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार, 27 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से दिल्ली से जबलपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव के भी उनके साथ कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। समारोह में व्हीकल फैक्ट्री के अधिकारियों के साथ आयुध निर्माणी खमरिया और गन कैरिज फैक्ट्री के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

भारतीय सेना के प्रमुख युद्धक टैंक टी-72 के तकनीकी उन्नयन और ओवरहाल के लिए व्हीकल फैक्ट्री में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद टैंकों के रखरखाव, मरम्मत और तकनीकी उन्नयन की क्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे सेना के बख्तरबंद बेड़े की परिचालन क्षमता को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के तहत सुबह करीब 10 बजे व्हीकल फैक्ट्री के गेट नंबर-1 से मुख्य अतिथियों और अधिकारियों का आगमन शुरू होगा। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित है।

रक्षा मंत्री के दौरे को देखते हुए फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रवेश द्वारों पर आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story