मध्य प्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ की प्रतिभा से देश व प्रदेश का बढ़ा मान : मंत्री विश्वास कैलाश
- मंत्री सारंग ने एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता क्रिकेटर क्रांति गौड़ से की मुलाकात
भोपाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर पूरी दुनिया में प्रदेश का मान बढ़ाया है। प्रदेश के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी असाधारण प्रतिभा एवं अथक परिश्रम का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि क्रांति गौड़ की यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।
मंत्री सारंग रविवार को एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतकर देश एवं मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली प्रदेश की प्रतिभाशाली क्रिकेटर क्रांति गौड़ से राजधानी भोपाल में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मंत्री सारंग ने उन्हें उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री सारंग ने कहा कि क्रांति गौड़ ने यह साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश की बेटियां किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकती हैं। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
भारतीय खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का गौरव
मंत्री सारंग ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने तिरंगे की शान को और ऊंचा किया है। मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, आधुनिक खेल अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। मंत्री सारंग ने कहा कि क्रांति गौड़ जैसी प्रतिभाएं मध्यप्रदेश की नई खेल शक्ति की पहचान हैं। प्रदेश के छोटे शहरों और गांवों से निकलकर खिलाड़ी आज अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। यह मध्यप्रदेश के बढ़ते खेल वातावरण और खिलाड़ियों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

