कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड एलईटी कमांडर मोहम्मद लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था
कुलगाम, 18 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के देवसर इलाके में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में बुधवार को तड़के वांछित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड मस्जिद में छिपा था। इस सफलता के बाद जवानों में खुशी का माहौल है और सीआरपीएफ के महानिदेशक ने भी सोशल मीडिया पर बधाई दी है।
सेना की चिनार कोर्प्स ने कहा कि जम्मू और कश्मीर पुलिस से मिली खास जानकारी के आधार पर आज सुबह भारतीय सेना, जम्मू और कश्मीर पुलिस और सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (सीआरपीएफ) ने कुलगाम के ज़ंगलपुरा इलाके में 'ऑपरेशन ज़ंगलपुरा' शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान आतंकवादी एक मस्जिद में छिप गया। सुरक्षा बलों ने कड़ी सुरक्षा की। आतंकी लतीफ भट को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
ऑपरेशन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक 9 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर ने लतीफ को हथियार डालने के लिए कई बार समझाया। इसके अलावा कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने खुद एक लंबी वीडियो कॉल के जरिए लतीफ से बात की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने उसे भरोसा दिलाया कि अगर वो सरेंडर कर देता है, तो उसकी जान बख्श दी जाएगी। इसके बावजूद उसने सरेंडर नहीं किया। एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने बहुत संयम बरता, ताकि मस्जिद को कोई नुकसान न पहुंचे। धार्मिक ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह पूरी तरह सुरक्षित रहा।
अधिकारियों ने मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के ख्रेवान गांव के रहने वाले मोहम्मद लतीफ भट के रूप में की है। उन्होंने बताया कि वह लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और उसके एक गुट 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) से जुड़ा हुआ था। अधिकारियों ने आगे बताया कि भट 'गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम' के तहत दर्ज सात मामलों में शामिल था। इनमें अनंतनाग में लाल चौक पर हमला, कुलगाम के केलम में हमला और अखरान में सीआरपीएफ चेकपॉइंट पर हुआ हमला शामिल है, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अखरान हमले के पीछे भट का ही हाथ होने का संदेह था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम रखा गया था। वह 2025 में आतंकवादी गुटों में शामिल हो गया था। जांचकर्ताओं ने उसे अनंतनाग में 22 जुलाई को स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की हत्या और कुलगाम के किलामी गांव में एक ईंट भट्ठे पर 31 जुलाई को दो बाहरी मजदूरों की गोली मारकर की गई हत्या के मामलों से भी जोड़ा था।
इस एनकाउंटर के बाद जवानों के जश्न का एक वीडियो सामने आया है। इसमें एनकाउंटर में शामिल जवान अपनी कामयाबी पर खुश होते और पोज देकर तस्वीरें क्लिक कराते नजर आए। लतीफ के एनकाउंटर के बाद अपनी गाड़ी से रवाना होते हुए एक जवान ने कहा, 'हमने उसे मार गिराया।'
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

