मणिपुरः उग्रवादी संगठनों पर शिकंजा, कई सक्रिय कैडर गिरफ्तार
इम्फाल, 20 जून (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने उग्रवादी संगठनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कई सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, उग्रवादी संगठन में भर्ती किए जा रहे एक किशोर को भी सुरक्षित बचाया गया है।
राज्य में यह कार्रवाई उखरूल पीएनबी बैंक डकैती कांड, 5वीं आईआरबी हथियार लूट मामले, जिरीबाम में हमार महिला की हत्या, चार कुकी लोगों के अपहरण एवं हत्या, नारायणसेना में सीआरपीएफ पर हमले तथा मुख्यमंत्री के काफिले पर हुए घात लगाकर हमले जैसे मामलों की जांच के बीच की गई है।
पुलिस के अनुसार 19 जून को सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के सोंगपी गांव से यूकेएनए के एक सक्रिय किशोर कैडर को गिरफ्तार किया।
इसी दिन मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र स्थित मैबाम लैकाई से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कैडर सुरेनसांगबाम बुंगचा उर्फ विनर (46) को गिरफ्तार किया।
18 जून को सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लुकर मायाई लैकाई स्थित उसके आवास से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के स्वयंभू कैप्टन एवं सक्रिय वसूलीकर्ता वांगखेम प्रेमजीत सिंह उर्फ कमचा उर्फ इबोमचा (46) को गिरफ्तार किया।
एक अन्य अभियान में आईएसबीटी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर आरके सोलोमन सिंह उर्फ आमोन (51) तथा उसके सहयोगी थांगमेइशांग कासार (32) को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान दोनों द्वारा संगठन में भर्ती किए जाने की कोशिश कर रहे एक किशोर को भी बचाया गया।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के कोंगबा बाजार क्षेत्र से आरपीएफ/पीएलए के स्वयंभू लेफ्टिनेंट कर्नल तथा इंटेलिजेंस प्रभारी सरांगथेम जयेंता मीतेई उर्फ बिकी उर्फ वांगलेन (48) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्रियों के अलावा 2,000 रुपये तथा एक बोलेरो कैंपर वाहन बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

