विमल पान मसाला विज्ञापन विवाद: अजय देवगन की हाई कोर्ट में याचिका, एफडीए ने कहा- कार्रवाई जारी रहेगी

WhatsApp Channel Join Now
विमल पान मसाला विज्ञापन विवाद: अजय देवगन की हाई कोर्ट में याचिका, एफडीए ने कहा- कार्रवाई जारी रहेगी


मुंबई, 30 अक्टूबर (हि.स.)। विमल पान मसाला विज्ञापन विवाद मामले में बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आमने -सामने आ गए हैं। शुक्रवार को अजय देवगन की ओर से एफडीए द्वारा जारी नोटिस को बॉम्बे उच्च अदालत में चुनौती दी गई है। जबकि एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने बताया कि इस मामले में एफडीए कार्रवाई करेगा।

महाराष्ट्र एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने आज मीडिया को बताया कि अजय देवगन ने बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है, जबकि विभाग अगले सप्ताह मामले में आगे की कार्रवाई शुरू करेगा। तुकाराम मुंडे ने बताया कि इस मामले में विभाग ने अपनी कार्रवाई आगे बढ़ा दी है।

पहले तीन लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। तीनों ने अपना जवाब भी दिया और सुनवाई के लिए कुछ और समय मांगा था। अब सुनवाई पूरी हो चुकी है और मामला आगे के फैसले के लिए जॉइंट कमिश्नर के पास भेज दिया गया है।

ज्ञात हो कि एफडीए ने विमल पान मसाला विज्ञापन को लेकर फिल्म स्टार शाहरुख खान , अजय देवगन और टाइगर श्राफ को नोटिस जारी किया था। तुकाराम मुंडे के मुताबिक, नोटिस का जवाब मिलने के बाद असिस्टेंट कमिश्नर ने तीनों लोगों को सुनवाई का मौका दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी जांच और सुनवाई पूरी कर ली। मुंडे ने बताया कि असिस्टेंट कमिश्नर इस नतीजे पर पहुंची हैं कि संबंधित लोगों ने कानून का उल्लंघन किया है। अब इस मामले का फैसला जॉइंट कमिश्नर करेंगे, क्योंकि उनके पास ही इसका अधिकार है। तुकाराम मुंडे ने आज बताया कि इनमें एक एक्टर अजय देवगन ने उच्च न्यायालय में एफडीए की कार्रवाई को चुनौती दी है। मुंडे ने यह भी साफ कर दिया कि अजय देवगन के उच्च न्यायालय में जाने से विभाग की कार्रवाई नहीं रुकेगी। एफडीए अपनी तरफ से शुरू की गई प्रक्रिया जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह तक जॉइंट कमिश्नर के सामने मामले की एडजुडिकेशन (न्यायनिर्णयन) प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story