महाराष्ट्र : एसटी के 83 हजार कर्मचारियों को दिवाली पर 10 हजार का बोनस, महंगाई भत्ता भी बढ़ा

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र : एसटी के 83 हजार कर्मचारियों को दिवाली पर 10 हजार का बोनस, महंगाई भत्ता भी बढ़ा


मुंबई, 05 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) के करीब 83 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने गुरुवार को प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को 10 हजार का सानुग्रह अनुदान (बोनस) देने की घोषणा की। इसके साथ ही पात्र कर्मचारियों को 12,500 रुपये की त्योहार अग्रिम राशि देने और महंगाई भत्ते को 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

यह घोषणा एसटी महामंडल की विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में की गई। इस दौरान परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि महामंडल भले ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा हो, लेकिन कर्मचारियों की दिवाली की खुशियां कम नहीं होने दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि एसटी के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके लाखों यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सेवा उपलब्ध कराते हैं। उनके परिश्रम और योगदान को देखते हुए दिवाली के अवसर पर सानुग्रह अनुदान देना केवल उदारता नहीं, बल्कि उनका अधिकार है।

सरनाईक ने बताया कि इस निर्णय से एसटी महामंडल पर लगभग 160 करोड़ का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसके बावजूद कर्मचारियों की दिवाली खुशियों के साथ मनाना सरकार और महामंडल की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के मजबूत समर्थन का उल्लेख करते हुए एसटी महामंडल के भविष्य को लेकर विश्वास व्यक्त किया।

परिवहन मंत्री ने एसटी कर्मचारियों से आंदोलन या हड़ताल का रास्ता नहीं अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एसटी आम नागरिकों के लिए जीवनरेखा के समान है। किसी भी आंदोलन या हड़ताल के कारण यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि कर्मचारी और यात्री एसटी महामंडल के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और आपसी समन्वय के माध्यम से निकालने के लिए सरकार और महामंडल हमेशा तैयार हैं।सरनाईक ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना और एसटी महामंडल को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story