शिवसेना यूबीटी के छह बागी सांसद शिंदे समूह में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
शिवसेना यूबीटी के छह बागी सांसद शिंदे समूह में शामिल


मुंबई, 22 जून (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसद सोमवार को मुंबई में स्थित यशवंतराव सभागृह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना शिंदे समूह में शामिल हो गए। इन सभी का उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी में स्वागत किया और कहा कि सभी सांसदों का उचित सम्मान किया जाएगा। साथ ही इन सभी सांसदों के कार्यक्षेत्र में विकास कार्य को प्रमुखता दी जाएगी।

मुंबई के यशवंत राव सभागृह में आज धाराशिव से ओमराजे निंबालकर, परभणी से संजय जाधव, मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय दीना पाटिल, हिंगोली से नागेश पाटिल अष्टिकर, शिरडी से भाऊसाहेब वाकचौरे और यवतमाल-वाशिम से संजय देशमुख ने शिवसेना शिंदे समूह में विधिवत शामिल हाे गए।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज ऑपरेशन टाइगर सफल हो गया है। उन्हाेंने कहा कि यह सब कुछ कानूनी दायरे में किया गया है। इससे पहले २०२२ में उन्होंने शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को बचाने के लिए ४० विधायकों को लेकर क्रांति की थी, जो अब बढक़र करीब ६० विधायकों तक पहुंच चुकी है। उनकी पार्टी महाराष्ट्र में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। उन्हाेंने कहा कि यह सभी छह सांसद उनके पार्टी के चुनाव चिन्ह पर आम जनता में जाएंगे और चुन कर आएंगे।

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि इन सांसदों को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चा की जा रही थी। उन्हाेंने शिवसेना यूबीटी पर तंज कसते हुए कहा कि जब वे बालासाहेब के विचारों से हट गए, तब उन्हें बालासाहेब के विचारों को बचाने के लिए क्रांति करनी पड़ी थी। उन्हाेंने कहा कि वो सिर्फ गाली देते हैं, हमारा फोकस सिर्फ लोगों के काम पर है। इन सभी छह सांसदों के कार्यक्षेत्र में जो प्रोजेक्ट रुके हैं, उनके लिए वे खुद केंद्र सरकार से मिलकर प्रयास करेंगे। सभी विकास कार्य पूरे होंगे।

इस अवसर पर शिंदे समूह के वरिष्ठ नेता गजानन कीर्तिक, रामदास कदम सहित सभी छह सांसद और मंत्री उपस्थित थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story