शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, डिहाइड्रेशन के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, डिहाइड्रेशन के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती


मुंबई, 27 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शुक्रवार काे भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत को लेकर परिवार और पार्टी नेताओं की ओर से जानकारी साझा की गई है। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।

शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने शरद पवार को पर्याप्त आराम करने, काम का दबाव कम करने और यात्रा से बचने की सलाह दी है। परिवार की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार नजर रखी जा रही है।

वहीं, शरद पवार का हालचाल जानने के लिए एनसीपी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल और प्रफुल्ल पटेल भी ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुलाकात के दौरान शरद पवार से कुछ देर बातचीत भी हुई। नेताओं ने बताया कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

गौरतलब है कि, 85 वर्षीय शरद पवार को इसी महीने की शुरुआत में भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान उन्हें खांसी और सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। जांच के बाद उन्हें संक्रमण के उपचार के लिए अस्पताल में रखा गया था। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

फिलहाल, डॉक्टरों ने शरद पवार को आराम करने और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता देखी जा रही है। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story