मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर महाराष्ट्र के मुंबई के शिवाजी पार्क (गेट नंबर 6) पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले शुक्रवार को शिवाजी पार्क और दादर रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है, इसके बावजूद सीजेपी ने शाम को यहां प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिवाजी पार्क और दादर स्टेशन के आसपास संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और रेलवे सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। शिवाजी पार्क के प्रमुख प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों समेत अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है।
स्थानीय निवासियों के एक वर्ग ने रिहायशी इलाके में प्रदर्शन से रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका जताई है। इससे पहले शुक्रवार को सीजेपी के संयोजक अभिजीत दिपके ने महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर दक्षिण मुंबई में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति में पारदर्शिता की मांग की है। पार्टी ने 2025 की मतदाता सूची को फ्रीज करने की भी मांग की है, ताकि उसमें आगे किसी तरह की कथित छेड़छाड़ न हो।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन मीडिया रिपोर्टों के बाद किया जा रहा है। इन रिपोर्टों में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कम से कम 14 फैसलों और आदेशों पर आपत्ति जताई थी। कुछ आपत्तियों में कथित तौर पर कहा गया था कि ये आदेश उनकी जानकारी के बिना जारी किए गए। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि आयोग के तीनों सदस्यों ने एसआईआर समेत सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

