महाराष्ट्र के सतारा जिले में करंट लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र के सतारा जिले में करंट लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत


मुंबई, 08 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के सतारा जिले में फलटन तहसील के खामगांव में बुधवार को सुबह बिजली का करंट लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि खामगांव में एक वायर टूट कर मेन वायर पर गिर गया और उस टूटे हुए वायर में बिजली का करंट प्रवाहित होने लगा। इसी वायर को एक के बाद एक छूने से सतीश किसान शिंदे (45), उनकी पत्नी गंगू शिंदे (42) और उनके बच्चों सचिन और आरती की मौत हो गई। चारों एक ही परिवार के हैं, इसलिए गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस टीम ने चारों शव बरामद कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है।

सतारा के पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि एक केबल टूट गई और ऊपर से गुजऱ रही बिजली की लाइन के संपर्क में आने से उसमें करंट आ गया। परिवार का एक सदस्य इस केबल के संपर्क में आया और उसे बिजली का झटका लगा। बाकी लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और उन्हें भी बिजली का झटका लगा। फिलहाल मामले की हर ऐंगल से जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story