‘संघ यात्रा के 100 वर्ष-नए क्षितिज’ कार्यक्रम 7 फरवरी से, 1200 अतिथि निमंत्रित : सुनील आंबेकर
मुंबई, 03 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने मुंबई में मंगलवार को कहा कि वर्ली में 7 और 8 फरवरी को आयोजित होने वाले संघ यात्रा के 100 वर्ष-नए क्षितिज कार्यक्रम के लिए 1200 से अतिथियों को निमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर उनके साथ कोकण प्रांत संघचालक अर्जुन चांदेकर उपस्थित थे।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख आंबेकर आज मुंबई के प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निमंत्रित अतिथियों को कुल 10 श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिसमें अर्थव्यवस्था, न्यायपालिका, प्रशासन, कला, खेल, धर्म, राजनीति, कॉर्पोरेट क्षेत्र, सिनेमा तथा अन्य क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति शामिल हैं । इस कार्यक्रम की तैयारियां पिछले चार महीनों से चल रही हैं। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 1200 गणमान्य व्यक्तियों को निमंत्रित किया गया है, जिनमें से 800 से 900 के बीच उपस्थित रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि संघ शताब्दी वर्ष के अंतर्गत दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता में इसी प्रकार की व्याख्यानमालाएं पहले ही आयोजित हो चुकी हैं, और मुंबई में होने वाली यह व्याख्यानमाला इस श्रृंखला की अंतिम कड़ी होगी। पिछली सभी व्याख्यानमालाओं को मिला प्रतिसाद अत्यंत उत्साहवर्धक रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ली स्थित नेहरू सेंटर सभागार में 7 और 8 फरवरी को कुल 4 सत्रों का आयोजन किया गया है। पहले दिन दोपहर 3.30 से शाम 7.30 बजे तक 2 सत्र होंगे, जबकि दूसरे दिन सुबह 9.30 से दोपहर 1.30 बजे तक 2 सत्र आयोजित होंगे।
पहले दिन सरसंघचालक मोहन भागवत का उद्बोधन होगा, जबकि दूसरे दिन प्रश्नोत्तर सत्र होगा। इस सत्र में सरसंघचालक उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों की शंकाओं काे दूर करेंगे। आंबेकर ने बताया कि अपने उद्बोधन में सरसंघचालक विशेष रूप से पंच परिवर्तन की अवधारणा पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे कार्य को भी उपस्थित जनों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर सुनील आंबेकर ने मुंबई में 90 वर्ष पहले शुरू हुए संघ कार्य की यात्रा का संक्षिप्त परिचय दिया। साथ ही देशव्यापी चल रहे गृह संपर्क अभियान की जानकारी भी दी। महाराष्ट्र में अक्टूबर माह से गृह संपर्क अभियान प्रारंभ हुआ। इसी प्रकार मंडल स्तर पर हिंदू सम्मेलनों तथा सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन किया जा रहा है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

