एटीएस ने नासिक टीसीएस कंपनी के कथित धर्मपरिवर्तन और यौन शोषण मामले में दो आरोपितों से शुरु की पूछताछ

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 17 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र एंटी टेरोरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम ने शुक्रवार को नासिक टीसीएस कंपनी में हुए कथित धर्मपरिवर्तन और यौन शोषण मामले की जांच के लिए दो आरोपितों से पूछताछ शुरु कर दी है। इस मामले की मुख्य आरोपित निदा मोईन नाविद खान की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले की छानबीन महाराष्ट्र एटीएस ने आज से शुरु कर दी है। इसके चलते आज एटीएस की टीम ने इस मामले के आरोपित समी शेख और रजा मेमन को पूछताछ के लिए अपनी कस्टडी में लिया है। इन दोनों से एटीएस की टीम धर्म परिवर्तन, यौन शोषण के साथ टेरर फंडिंग के ऐंगल से भी पूछताछ कर रही है। हालांकि इस मामले की जानकारी आज देश की नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी की टीम और राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम ने भी लिया है। इस मामले में धर्मपरिवर्तन का मुद्दा आने से राज्य और देश की जांच एजेंसियां मामले की गहन छानबीन कर रही हैं।

इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अब तक कुल ८ आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपित निदा मोईन नाविद खान अभी तक फरार है। निदा खान को ढ़ूंढने के आज एसआईटी और एटीएस की टीम ठाणे जिले के भिवंडी और मुंब्रा इलाके में कई जगहों में छापामार कार्रवाई की, लेकिन कहीं भी निदा खान का पता नहीं चल सका है। इस मामले में पुलिस ने निदा के पति मोईन खान से भी कड़ी पूछताछ की है, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। निदा खान के मोबाइल लोकेशन से जांच कर रही एसआईटी को पता चला है कि आज ही निदा मुंब्रा इलाके में तीन बार अपनी जगहें बदल चुकी हैं।

निदा खान के पति ने पूछताछ में बताया कि उनकी पत्नी फिलहाल गर्भवती है और उसने वकील बाबा सिद्दीकी के माध्यम से नासिक जिला अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया है। इस आवेदन पर कल शनिवार को सुनवाई होगी। साथ ही टीसीएस कंपनी ने इस मामले में निदा खान को नौकरी से निकाल दिया है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि फिलहाल कंपनी के अन्य कर्मचारियों को वर्क फ्रामहोम की अनुमति दी गई है, लेकिन निदा खान को इसकी भी अनुमति न देते हुए सीधे नौकरी से निकाल दिया गया है। फिलहाल इस मामले की हर ऐंगल से जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story