मुख्यमंत्री फडणवीस ने राष्ट्रपति मुर्मु को दिया नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण समारोह का निमंत्रण

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में द्रौपदी मुर्मु से मिलकर 31 अक्टूबर को होने वाले नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यह समारोह कुंभ मेले के भव्य आयोजन की शुरुआत का प्रतीक होगा।

मुख्यमंत्री सचिवालय के अनुसार राष्ट्रपति भवन में आयोजित मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने राष्ट्रपति मुर्मू को नासिक और त्र्यंबकेश्वर में होने वाले ध्वजारोहण समारोह के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। साथ ही उन्हें महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, आदिवासी उद्यमिता, वस्त्र कला, कृषि समृद्धि और खान-पान की परंपराओं को दर्शाने वाला विशेष उपहार सेट भी भेंट किया।

मुख्यमंत्री सचिवालय के अनुसार राष्ट्रपति को 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली गोदा आरती में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया गया। इस दिन ध्वजारोहण समारोह के अलावा नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण की वेबसाइट का शुभारंभ, कुंभ मेले के आधिकारिक गीत का विमोचन, कुंभ मेले पर आधारित कॉफी टेबल बुक का प्रकाशन तथा विशेष डाक टिकट का अनावरण भी प्रस्तावित है।

इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन एवं कुंभ मेला मंत्री तथा नासिक के पालकमंत्री गिरीश महाजन, स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे और खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा विशेष सहायता मंत्री नरहरि जिरवाल उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story