मुंबई साइबर पुलिस ने 3206 फ्रॉड केस में शामिल इंटर-स्टेट गैंग का किया पर्दाफाश

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 26 जून (हि.स.)। मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच ने देश भर में 3,206 साइबर फ्रॉड केस में शामिल एक इंटर-स्टेट गैंग का पर्दाफाश किया है। झारखंड, बिहार और दिल्ली से 6 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। आरोपिताें के पास से 11 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं। इस मामले की गहन छानबीन मुंबई साइबर ब्रांच पुलिस की टीम कर रही है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच ने एक इंटर-स्टेट गैंग का पर्दाफाश किया है जो नकली एपीके फाइल के ज़रिए मोबाइल फोन हैक करके ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड कर रहा था। इस ऑपरेशन में झारखंड, बिहार और दिल्ली से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच में पता चला है कि यह गैंग देश भर में 3206 फ्रॉड केस में शामिल है। इनमें से महाराष्ट्र में 517 और मुंबई में 93 केस में आरोपियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

अब तक की छानबीन में पता चला है कि शिकायतकर्ता को महानगर गैस लिमिटेड के नाम पर 'एमजीए गैस अनब्लाक फाइल डाट एपीके' नाम की नकली एपीके फाइल इंस्टॉल करने के लिए मजबूर किया गया। फाइल इंस्टॉल करने के बाद, मोबाइल से बैंकिंग जानकारी चुराकर शिकायतकर्ता से 2 लाख 35 हजार रुपये की ठगी की गई। इस मामले में वेस्ट डिवीजन के साइबर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था। टेक्निकल जांच के दौरान आरोपिताें की तलाश में झारखंड, बिहार और दिल्ली में छापेमारी की गई। जांच के दौरान, अलग-अलग बैंकों, आरटीओ और महानगर गैस के नाम पर बनाई गई 999 नकली एपीके फाइलें मिलीं।

इसके अलावा आरोपिताें के पास से व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप, टेलीग्राम बॉट, सर्वर पैनल लॉगिन क्रेडेंशियल, यूआरएल और गूगल फायरबेस और होस्टिंगर सर्वर पर लगभग 1.24 करोड़ एमएमएस रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस ने लगभग 8609 मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट नंबर,एटीएम कार्ड की जानकारी, पिन, यूपीआई आईडी जैसी संवेदनशील जानकारी भी जब्त की है। साइबर पुलिस द्वारा दर्ज डेटा और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायतों के एनालिसिस से पता चला कि यह गैंग देश भर में 3206 अपराधों में शामिल था।

शुरुआती जांच में पता चला है कि इन अपराधों में धोखाधड़ी की रकम 43 करोड़ 25 लाख रुपये से ज़्यादा है। इस केस की आगे की जांच मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच कर रही है और संबंधित राज्यों की पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, जॉइंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस क्राइम अनिल होन कुंभारे, एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस क्राइम कृष्णकांत उपाध्याय, डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस बजरंग बनसोडे, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस इरफान शेख, सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सुवर्णा शिंदे की ओर से की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story