वर्धा के केंद्रीय आयुध डिपो में फायरिंग दुर्घटना में डीएससी सूबेदार मेजर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 15 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के वर्धा जिले के पुलगांव स्थित सेंट्रल एम्युनिशन डिपो (सीएडी) में शुक्रवार को सुबह एक नियमित अभ्यास सत्र के दौरान हुई फायरिंग दुर्घटना में डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर की मौत हो गई। मृतक अधिकारी की पहचान सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड के रूप में हुई है।

सीएडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आज सुबह सीएडी प्रांगण में स्थित रेंज में नियमित फायरिंग का अभ्यास हो रहा था। इसी दौरान अचानक गोली लगने से सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, यह डॉक्टरों ने खंड को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जांच की जा रही है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, अत्यंत खेद के साथ सूचित किया जाता है कि 15 मई, 2026 को सेंट्रल एम्युनिशन डिपो, पुलगांव में नियमित फायरिंग अभ्यास के दौरान, डिफेंस सिक्योरिटी कोर के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर, सूबेदार मेजर ओम बहादुर खंड की फायरिंग रेंज में हुई एक दुर्घटना के कारण मृत्यु हो गई। प्रेस विज्ञप्ति में मृतक जवान के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है।

उल्लेखनीय है कि वर्धा जिले में स्थित, पुलगांव का सेंट्रल एम्युनिशन डिपो भारत के सबसे बड़े गोला-बारूद डिपो में से एक है। यहां जवान फायरिंग रेंज में प्रतिदिन सुबह नियमित फायरिंग अभ्यास करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story