शरद पवार से मिले गौतम अडानी, ब्रीच कैंडी अस्पताल में करीब दो घंटे तक हुई बातचीत

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार और उद्योगपति गौतम अडानी की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है। शनिवार को गौतम अडानी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती शरद पवार से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई।

शरद पवार की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है। इस बीच गौतम अडानी ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और स्वास्थ्य की जानकारी ली। अडानी जैसे बड़े उद्योगपति की अस्पताल में करीब दो घंटे तक मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

उल्लेखनीय है कि संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि इस विधेयक को लेकर शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की क्या भूमिका होगी। पार्टी की ओर से विधेयक को समर्थन देने की बात सामने आई है, हालांकि शरद पवार ने इस संबंध में अब तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है।

इस पृष्ठभूमि में पवार और अडानी के बीच मुलाकात को लेकर राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों के बीच हुई बातचीत के विषय को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story