मुंबई में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे के साथ गणेश विसर्जन शुरु

WhatsApp Channel Join Now
मुंबई में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे के साथ गणेश विसर्जन शुरु


मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शुक्रवार को मुंबई में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों और ढोल-ताशों की गूंज के बीच गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस शुरू हो गया है।

पिछले दस दिनों से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और सेवा करने के बाद गणेश भगवान को विदाई देने के लिए जैसे भक्तों का हुजूम मुंबई की सडक़ों पर उतर गया है। पूरा मुंबई शहर गणेशमय हो गया है। मुंबई के मशहूर सार्वजनिक गणेश मंडलों में आज सुबह पूजा और आरती के बाद कई प्रमुख मंडलों की प्रतिमाएं विसर्जन के लिए रवाना हुईं।

इस दौरान जुलूसों में पारंपरिक संगीत, ढोल-ताशे और भक्ति गीतों के बीच गुलाल तथा फूलों की पंखुडिय़ों की बारिश की जा रही है। लालबाग-परेल इलाके में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सडक़ों पर जमा हुए हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जो विसर्जन जुलूस देखने और उत्सव के माहौल का आनंद लेने पहुंचे हैं। गणेशोत्सव के दौरान मुंबई तथा देश के अन्य हिस्सों से श्रद्धालु प्रसिद्ध गणेश मंडलों के दर्शन के लिए लालबाग पहुंचे हैं। आज सुबह 11 बजे से पहले ही कई प्रमुख गणेश प्रतिमाओं के जुलूस शुरू हो गए। इनमें गणेश गली का मुंबईचा राजा, करी रोडचा कैवारी, परेलचा राजा, कालाचौकी का महागणपति और तेजुकाया मैंशन का गणपति शामिल हैं।

मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा और चिंचपोकलीचा चिंतामणि समेत कुछ अन्य प्रमुख मंडलों की प्रतिमाएं भी पूजा और आरती के बाद विसर्जन के लिए मार्गस्थ हो गईं हैं। लालबाग की श्रॉफ बिल्डिंग में पुष्पवृष्टि के बाद इन प्रतिमाओं के गिरगांव चौपाटी, दादर चौपाटी और अन्य विसर्जन स्थलों की ओर रवाना होने की उम्मीद है। मुंबई के अन्य हिस्सों में भी गणेश विसर्जन जुलूस उत्साह के साथ शुरू हुए हैं। बोरीवली में ‘उपनगरचा राजा’ की प्रतिमा का जुलूस भी विसर्जन स्थल की ओर बढ. रहा। गणेश प्रतिमाओं के सुचारू विसर्जन के लिए मुंबई पुलिस और मुंबई नगर निगम ने व्यापक सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की है।

अधिकारियों के अनुसार यातायात नियंत्रण और जुलूसों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए 24,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि बीएमसी ने करीब 25,000 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया है। नगर निगम ने कृत्रिम विसर्जन तालाबों के अलावा लाइफगार्ड, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, क्रेन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा दिशा निर्देशों का पालन करने, निर्धारित विसर्जन स्थलों का इस्तेमाल करने तथा जुलूसों के दौरान पुलिस और नगर निकाय के कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

बीएमसी के प्रवक्ता ने समुद्र में विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने और पुलिस तथा नगर निकाय के

अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। समुद्र तट के आसपास ब्लू-बटन जेलीफिश और स्टिंगरे की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story