मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान 22 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, एआई और ड्रोन से होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान 22 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, एआई और ड्रोन से होगी निगरानी


मुंबई, 23 सितंबर (हि.स.): मुंबई में शुक्रवार को गणपति मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 22 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए मुंबई पुलिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल करेगी।

मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (लॉ एंड आर्डर)सत्यनारायण चौधरी और संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा ने यह जानकारी बुधवार को मुंबई में पत्रकार वार्ता में दी है। सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स की कंपनियों के साथ सेंट्रल आम्र्ड पुलिस फोर्स की चार कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा क्विक रिस्पॉन्स टीम और बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड की टीमें भी सुरक्षा में शामिल रहेंगी। मुंबई में पुलिस के आला अधिकारियों के साथ कुल २२ हजार से अधिक पुलिसकर्मी शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात रहकर भगवान गणेश की विदाई बिना किसी परेशानी के हो, यह सुनिश्चित करेंगे।

संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि एआई की मदद से जुलूस के रूट, ट्रैफिक और भीड़ से जुड़ी जानकारियों पर नजर रखी जाएगी। वहीं, ड्रोन के जरिए भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जाएगी। मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने रेलवे अधिकारियों और मेट्रो प्रशासन से विसर्जन के दौरान चौबीसों घंटे सेवाएं चलाने पर विचार करने का अनुरोध किया है। इसका उद्देश्य जुलूस और विसर्जन के दौरान नागरिकों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाए रखना है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story