बीसीसीआई से जुड़े एक ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की मुंबई के होटल में मौत

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे एक ब्रिटिश नागरिक का शव मुंबई के ट्राइडेंट होटल में उनके कमरे में मिला। मृतक की पहचान इयान विलियम्स लैंगफोर्ड (76) के रूप में हुई है। इस मामले की छानबीन मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इयान विलियम्स लैंगफोर्ड आईपीएल मैचों की कवरेज के सिलसिले में 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में रुके हुए थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद इयान अपने होटल के कमरे में लौट आए। एक दिन बाद 30 मार्च को, जब रिसेप्शनिस्ट ने उनके कमरे में फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल का स्टाफ उन्हें देखने गया। स्टाफ को अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने मास्टर चाबी से कमरा खोला और इयान को फर्श पर पड़ा हुआ पाया। होटल के इन-हाउस डॉक्टर को इसकी सूचना दी गई, जिन्होंने जांच के बाद इयान को उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस उपायुक्त प्रवीण मुंडे ने बताया कि इस घटना के बाद मृतक इयान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। उसकी रिपोर्ट आज मिली है, रिपोर्ट कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, मामले की छानबीन जारी है।

_________________

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story