(अपडेट)भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को महाराष्ट्र दौरे पर
मुंबई, 15 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर मुंबई आ रहे हैं। इस दौरे में नितिन नबीन गणेशोत्सव के अवसर पर मुंबई और पुणे में विभिन्न प्रमुख गणेशोत्सव मंडलों और मंदिरों में भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। वे देश और महाराष्ट्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना करेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के अनुसार नितिन नवीन बुधवार सुबह 10.20 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे ऐतिहासिक श्री सिद्धिविनायक मंदिर जाएंगे, जहां भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे नबीन प्रसिद्ध लालबागचा राजा के मंडप में पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे मालाबार हिल स्थित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के सरकारी आवास जाएंगे, जहां भगवान गणेश के दर्शन करेंगे। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मालाबार हिल स्थित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के सरकारी आवास पर भी पहुंचेंगे और भगवान गणेश के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे।
नवीन दोपहर 2.15 बजे बांद्रा रिक्लेमेशन में आयोजित गणेशोत्सव में शामिल होकर भगवान गणेश के दर्शन करेंगे। मुंबई में अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद वे पुणे के लिए रवाना होंगे। पुणे पहुंचने के बाद नवीन सबसे पहले कस्बा गणपति के दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वे प्रसिद्ध श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे नबीन सदाशिव पेठ स्थित साने गुरुजी तरुण मित्र मंडल के गणेशोत्सव में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। अपने पुणे दौरे के अंतिम चरण में वे कोथरुड स्थित श्री साईं मित्र मंडल के गणेश के दर्शन करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह महाराष्ट्र दौरा मुख्य रूप से गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

