महाराष्ट्र : दुर्गा प्रतिमा लेकर लौट रहे पिकअप काे कंटेनर ने मारी टक्कर, 5 युवकों की हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र : दुर्गा प्रतिमा लेकर लौट रहे पिकअप काे कंटेनर ने मारी टक्कर, 5 युवकों की हुई मौत


अमरावती, 02 ऑक्टोबर (हि.स.)| महाराष्ट्र में नवरात्रि उत्सव के लिए दुर्गा माता की प्रतिमा लेकर लौट रहे युवकों के वाहन के साथ समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा हो गया। अमरावती जिले के धामणगांव पुलिस थाना क्षेत्र में देर रात करीब 1 बजे यह दुर्घटना होने की जानकारी सामने आई है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, वर्धा के सिंदी मेघे इलाके की नवदुर्गा पूजा उत्सव समिति के सदस्य हर साल की तरह इस वर्ष भी शेगांव से दुर्गा माता की ऊंची प्रतिमा लेकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। धामणगांव के पास समृद्धि महामार्ग पर चैनल नंबर 97 के आसपास उनके वाहन को पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार कुछ युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज वर्धा के सावंगी अस्पताल में चल रहा है।

इस दुर्घटना में घनश्याम पाटील, ओम गावंडे, सचिन बादमनवार, प्रवीण बाकणे, दत्ता कुळसंगे के मौत की प्राथमिक जानकारी है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल के साथ-साथ अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Share this story