मशहूर गायिका आशा भोसले का सोमवार को शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
मुंबई, 12 अप्रैल (हि.स.)। मशहूर गायिका आशा भोसले का सोमवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 92 वर्षीय आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में निधन हुआ। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पिछले आठ दशकों से भारतीय सिनेमा में अपनी आवाज़ से सबको मंत्रमुग्ध करने वाली मशहूर गायिका आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने आज बताया कि उनकी मां और मशहूर सिंगर आशा भोसले को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके ऑर्गन काम नहीं कर रहे थे, जिसके कारण आज अस्पताल में ही उनका निधन हो गया। कल (सोमवार) को उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोअर परेल में रखा जाएगा। शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्यमंत्री आशीष शेलार ने बताया, आज महाराष्ट्र समेत पूरा देश बहुत दुखी है। एक युग का अंत हो गया है। आशाताई हमें छोडक़र चली गई हैं। आशाताई के होने से हमें सालों तक सुकून मिलता था। उनकी खासियत थी दुख को गले लगाना और लोगों को खुशी देना। उनकी उपलब्धियों के दुनिया दीवाने थे। ऐसी आशाताई आज हमारे बीच नहीं रहीं। अब, जैसा कि परिवार ने कहा है, उनका पार्थिव शरीर कल लोअर परेल में उनके घर पर रखा जाएगा। लोग वहां उन्हें अपनी आखिरी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उसके बाद शिवाजी पार्क के श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। कार्यमंत्री शेलार ने कहा कि उनका न होना हमारे लिए जिंदगी भर का दुख रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

