मुंबई एयरपोर्ट पर 4 किलोग्राम सोना के साथ महिला यात्री गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 05 जुलाई (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर 4 किलोग्राम सोने के साथ दुबई से आई महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने की कीमत घरेलू बाज़ार में कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले की गहन छानबीन डीआरआई टीम कर रही है।

मामले की जांच कर रहे डीआरआई अधिकारी ने रविवार को बताया कि उनकी टीम को मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करी के सोने सहित महिला के आने की पूर्व सूचना मिली थी। इसी के आधार पर उनकी टीम ने मुंबई एयरपोर्ट पर निगरानी रखी थी। सूचना के मुताबिक जैसे ही महिला यात्री दुबई से आई फ्लाईट से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरी। डीआरआई टीम ने महिला की तलाशी ली तो उसके पैंट के अंदर तस्करी का सोना मिला, जिसे जब्त कर लिया गया और महिला को कस्टम एक्ट के तहत गिरफ़्तार कर लिया गया। अब तक की छानबीन में पता चला है कि महिला यात्री कूरियर के रुप में काम कर रही थी, इस मामले में संभावित तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Share this story