‘एक पेड़ मां के नाम’ राष्ट्रीय जनआंदोलन बना : जेपी नड्डा

WhatsApp Channel Join Now
‘एक पेड़ मां के नाम’ राष्ट्रीय जनआंदोलन बना : जेपी नड्डा


‘एक पेड़ मां के नाम’ राष्ट्रीय जनआंदोलन बना : जेपी नड्डा


शिलांग, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को मेघालय की राजधानी शिलांग में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पाैधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किये गये ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब एक राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

पाैधरोपण के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि 5 जून, 2024 को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह पहल लोगों को प्रकृति के संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित कर रही है।

उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देशभर में लाखों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता इस अभियान के तहत पाैधरोपण कर रहे हैं। नड्डा ने कहा कि यह कार्यक्रम माताओं के निस्वार्थ प्रेम, स्नेह, त्याग और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए समर्पित है।

प्रकृति और मां के बीच समानता का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार एक मां जीवनभर अपने बच्चों का पालन-पोषण और संरक्षण करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी मानवता का पोषण और संरक्षण करती है। इसलिए पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है।

नड्डा ने कहा कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के कल्याण के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत के बाद से इसका दायरा लगातार बढ़ता गया है। वर्ष 2024 में आरंभ हुआ यह अभियान 2025 में व्यापक रूप से विस्तारित हुआ और 2026 में एक अखिल भारतीय जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।

उन्होंने कहा कि आज देशभर में करोड़ों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पाैधरोपण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं, जिससे प्रकृति संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और जनसहभागिता दोनों को मजबूती मिल रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story