संघर्ष को लेकर रूस-यूक्रेन सहित अन्य संबंधित पक्षों के संपर्क में भारत, कल हुई बातचीत में खाद्य गलियारे का मुद्दा शामिल

WhatsApp Channel Join Now
संघर्ष को लेकर रूस-यूक्रेन सहित अन्य संबंधित पक्षों के संपर्क में भारत, कल हुई बातचीत में खाद्य गलियारे का मुद्दा शामिल


संघर्ष को लेकर रूस-यूक्रेन सहित अन्य संबंधित पक्षों के संपर्क में भारत, कल हुई बातचीत में खाद्य गलियारे का मुद्दा शामिल


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन संघर्ष के संबंध में मंगलवार को कहा कि भारत क्षेत्र में शांति की वापसी में योगदान देने के लिए रूस और यूक्रेन दोनों के साथ-साथ अन्य संबंधित पक्षों के भी संपर्क में है। कल संपर्क के दौरान संघर्ष समाप्ति के साथ खाद्य गलियारे के मुद्दे पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नियमित पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत लगातार कहता रहा है कि संवाद और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। हाल के महीनों में प्रधानमंत्री ने कहा है कि ‘अंतहीन युद्ध को समाप्त करना ही होगा।’ शांति स्थापित करने के इसी विचार को ध्यान में रखते हुए भारत काला सागर में जहाजरानी की सुरक्षा, अनाज और ऊर्जा निर्यात को लेकर रूस और यूक्रेन की तात्कालिक चिंताओं का समाधान और हमले रोकने की संभावनाओं जैसे मुद्दों पर बातचीत कर रहा है।

प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। उन्होंने मौजूदा संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के विभिन्न प्रयासों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव तरीके से योगदान देने की भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।

इसके बाद विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से संघर्ष पर केंद्रित चल रही कूटनीतिक पहलों पर चर्चा की। खाद्य गलियारे के मुद्दे पर भी हमने विचारों का आदान-प्रदान किया। क्षेत्र में शांति की वापसी में योगदान देने के लिए भारत दोनों पक्षों के साथ-साथ अन्य संबंधित पक्षों के भी संपर्क में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story