भारत ने थाईलैंड–कंबोडिया विवादित क्षेत्र में देव प्रतिमा को गिराए जाने की खबरों पर गंभीर चिंता जताई
नई दिल्ली, 24 दिसंबर (हि.स.)। भारत ने थाईलैंड–कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में हाल ही में निर्मित एक हिंदू भगवान विष्णु की प्रतिमा को गिराए जाने की खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं विश्वभर में करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करती हैं और इन्हें किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि हिंदू और बौद्ध देवताओं को पूरे क्षेत्र में गहरी श्रद्धा के साथ पूजा जाता है और यह साझा सभ्यतागत विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। क्षेत्रीय या सीमा संबंधी दावों के बावजूद, धार्मिक प्रतीकों के प्रति अनादर निंदनीय है।
भारत ने दोनों पक्षों से संयम बरतने का आह्वान करते हुए कहा कि संवाद और कूटनीति के रास्ते पर लौटना ही शांति का एकमात्र समाधान है। बयान में यह भी कहा गया कि शांति बहाली से ही जान-माल के नुकसान और सांस्कृतिक धरोहर को होने वाली क्षति को रोका जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

