लेबनान में इजराइली हमलों में लोगों की मौत पर भारत ने जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारत ने लेबनान में इजराइल के हमले में बड़ी संख्या में नागरिकों की मौत पर शुक्रवार को गहरी चिंता जताई।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत का हमेशा जोर रहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

पश्चिम एशिया के हालात पर भारत की इस मुद्दे पर पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया है। हालांकि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की तरफ से जारी बयान में इजराइल का जिक्र नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करना और राज्यों की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना बेहद आवश्यक है। लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल पर हमले की खबर को परेशान करने वाला बताते हुए प्रवक्ता ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के ये सैनिक देश में शांति और सुरक्षा कायम करने के लिए प्रयासरत हैं। लेबनान में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हमारे स्थानीय मिशन लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध विराम के बावजूद लेबनान में इजराइल हमले कर रहा है। इससे युद्ध के दोबारा शुरू होने की आशंका बढ़ने लगी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story