भारत ने कुवैत पर हुए हमले की निंदा की
नई दिल्ली, 03 जून (हि.स.)। भारत ने कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले की निंदा की है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है और अन्य घायल हैं।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को वक्तव्य जारी कर कहा कि पश्चिम एशिया में जारी वर्तमान संघर्ष की शुरुआत से ही भारत, नागरिकों और नागरिक ढांचागत सुविधाओं को निशाना बनाए जाने का विरोध करता रहा है। सरकार हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
मंत्रालय का कहना है कि भारतीय दूतावास सभी घायलों को हर प्रकार की सहायता दे रहा है। भारतीय नागरिकों की भलाई के लिए दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। क्षेत्र में मौजूद भारतीय मिशन और पोस्ट पूरी तरह से सतर्क है और समुदाय को मदद पहुंचाने के लिए आगे बढ़कर कदम उठा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कल रात कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का टर्मिनल 1 ईरान के ड्रोन और मिसाइल का निशाना बना। इसमें हवाई अड्डे को भारी नुकसान पहुंचा, हवाई अड्डे के कर्मचारियों और यात्रियों सहित लगभग 63 लोग घायल हुए और उड़ानों को निलंबित करना पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

