मुख्यमंत्री मान को पाक से मिले निमंत्रण पर विदेश मंत्रालय ने कहा, राष्ट्रीय नीति का पालन होना चाहिए

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री मान को पाक से मिले निमंत्रण पर विदेश मंत्रालय ने कहा, राष्ट्रीय नीति का पालन होना चाहिए


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को इस बात पर जोर दिया कि अन्य देशों के साथ संबंध एक राष्ट्रीय नीति पर चलते हैं और सभी को उसका अनुपालन करना चाहिए। उनका यह बयान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लाहौर में होने वाले पंजाबी सम्मेलन के निमंत्रण के संबंध में था।

मुख्यमंत्री मान सार्वजनिक तौर पर इसमें शामिल होने की इच्छा जता चुके हैं। हालांकि उन्होंने इस संबंध में केंद्र से राजनीतिक मंजूरी को लेकर शंका जताई है। वहीं इस मुद्दे पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने मान को वीजा सुविधा देने की भी बात कही है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा अन्य देशों के साथ संबंधों के संदर्भ में, हमारी एक राष्ट्रीय नीति है और हम सभी से इसका पालन करने की अपेक्षा करते हैं। विदेश यात्रा पर जाने वाले गणमान्य व्यक्तियों के लिए राजनीतिक मंजूरी के संबंध में मंत्रालय अपनी समग्र नीति के अनुरूप मूल्यांकन करता है और तदनुसार निर्णय लिया जाता है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के प्रति हमारी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान को पाकिस्तान के लाहौर में 27-29 नवंबर को होने वाले विश्व पंजाबी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री मान बैठक में शामिल होना चाहते हैं तो पाकिस्तान उन्हें वीजा जारी करने पर विचार करने को तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की मंजूरी के होने का इस यात्रा के लिए वीजा जारी करने से संबंध नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story