भारत की छवि धूमिल कर रहे चीनी इन्फ्लुएंसर्स पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भारत की छवि धूमिल कर रहे चीनी इन्फ्लुएंसर्स पर कार्रवाई की मांग


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। भारत ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका की झुग्गियों को 'नई दिल्ली' बताकर भारत की छवि धूमिल करने वाले चीनी ब्लॉगर्स और इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ संबंधित अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नियमित पत्रकार वार्ता के दौरान इस हरकत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि मनगढ़ंत प्रोपेगैंडा के जरिए किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने से इसे बढ़ावा देने वालों की साख ही खत्म होती है।

जायसवाल ने कहा, हमने इस संबंध में मीडिया रिपोर्टें देखी हैं। किसी भी देश की विकृत छवि प्रस्तुत करने के ऐसे प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं। जहां तक विदेशी तत्वों द्वारा ढाका के कुछ हिस्सों को नई दिल्ली के रूप में चित्रित करने के प्रयासों का सवाल है, झूठी कहानियों का प्रसार करने से इसमें शामिल लोगों और उनके पीछे के लोगों की विश्वसनीयता कम होती है। हम संबंधित अधिकारियों से उनके खिलाफ उचित कार्रवाई का आग्रह करते हैं।

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लगभग 150 चीनी इन्फ्लुएंसर्स और लाइवस्ट्रीमर्स ढाका के उत्तर एवं टेकपारा जैसे गरीब इलाकों में वीडियो रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे हैं। वे अपने चीनी दर्शकों को इन जगहों को भारत की राजधानी नई दिल्ली बताकर दिखा रहे हैं। ये चीनी नागरिक वीचैट और डौयिन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत के रहन-सहन, स्वच्छता एवं बुनियादी ढांचे को लेकर अत्यंत आपत्तिजनक दावे कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक कुछ वीडियो में स्थानीय चाय की दुकानों को दिखाकर गोमूत्र वाली चाय जैसे निराधार दावे भी किए गए।

ये चीनी इन्फ्लुएंसर्स कम आय वाले क्षेत्रों में बिना अनुमति के लोगों के घरों के अंदर तक घुसकर वीडियो बना रहे हैं, जिससे स्थानीय लोग भी उनकी हरकतों से तंग आ चुके हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story