विदेश मंत्रालय ने एपस्टीन से जुड़े ई-मेल को बताया बकवास, प्रधानमंत्री का था जिक्र

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 31 जनवरी (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को अमेरिका के बदनाम व्यक्ति जेफ्री एपस्टीन के एक ई-मेल को कोरी बकवास बताया है। ई-मेल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र था। मंत्रालय ने कहा कि इजराइल यात्रा के अलावा कुछ भी तथ्यात्मक नहीं है। इन गुप्त ई-मेल फाइलों को अमेरिका के न्याय विभाग ने जारी किया है।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों के जवाब में उक्त बातें कहीं। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने एपस्टीन से जुड़े एक ई-मेल संदेश की रिपोर्ट देखी है। इसमें प्रधानमंत्री और उनकी इजराइल यात्रा का उल्लेख किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री की इजराइल की आधिकारिक यात्रा के अलावा, ई-मेल में कही गई अन्य बातें एक दोषी अपराधी की निरर्थक और मनगढ़ंत बातें हैं, जिन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि जेफरी एडवर्ड एपस्टीन एक अमेरिकी मानव तस्कर, बाल यौन अपराधी, सीरियल बलात्कारी और वित्तीय सलाहकार था। उसकी 2019 में जेल में मौत हो गई थी। उसके प्रभावशाली लोगों से संबंध अब सुर्खियां बन रहे हैं। अब एपस्टीन से जुड़े एक कथित ई-मेल का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2017 के अमेरिका और इजराइल दौरों को संदर्भ में रखकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि इन दावों की प्रामाणिकता, संदर्भ और स्वतंत्र पुष्टि को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है।

इस बीच, विपक्षी दल कांग्रेस ने इन आरोपों को राष्ट्रीय गरिमा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए सरकार से आधिकारिक स्पष्टीकरण और तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story