भाजपा की जीत को लेकर बांग्लादेश की टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय ने दी प्रतिक्रिया

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की जीत को लेकर बांग्लादेश की टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय ने दी प्रतिक्रिया


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के मंत्रियों द्वारा पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर दिये गये बयानों के संबंध में गुरुवार को कहा कि इन टिप्पणियों को भारत में अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के प्रत्यावर्तन के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। बांग्लादेश के विदेश मंत्री और गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि भारत की ओर से लोगों को बांग्लादेश में धकेलने की कोशिश की जाएगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि `हमने बांग्लादेश के मंत्रियों की इन टिप्पणियों को देखा है। इन्हें अवैध बांग्लादेशियों को बांग्लादेश भेजे जाने के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।'

प्रवक्ता ने कहा कि इस काम में हमें बांग्लादेश सरकार के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने बताया कि 2860 से अधिक मामलों में राष्ट्रीयता का सत्यापन करने का मामला बांग्लादेश के समक्ष लंबित है। कई मामले पांच साल से अधिक समय से लंबित हैं। आशा है कि बांग्लादेश सरकार राष्ट्रीयता सत्यापन के मामलों का निपटारा करेगी ताकि प्रत्यावर्तन का काम सुगम रूप से हो सके।

प्रवक्ता ने तीस्ता नदी के जल पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि बांग्लादेश और भारत 54 नदियां साझा करते हैं। हमने जल से संबंधित सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए द्विपक्षीय तंत्र स्थापित किए हैं, जिनकी बैठकें नियमित अंतराल पर होती रहती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story