(लीड-1) दिल्ली के महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और सिविक सेंटर परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चले इस अभियान के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई। आगे की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद कमला मार्केट थाना पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर सिविक सेंटर में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान परिसर के हर कोने को बारीकी से खंगाला गया। पुलिस टीम ने पार्किंग एरिया, बेसमेंट, मेयर कार्यालय सहित अन्य सभी दफ्तरों में क्रमवार जांच की। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया को बेहद सावधानी और व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया। कई घंटों तक चली इस जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में यह धमकी अफवाह या शरारती तत्व की करतूत प्रतीत हो रही है। हालांकि, ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद सिविक सेंटर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को विशेष रूप से ब्रीफ किया गया है और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सख्ती से जांच करने, बिना सत्यापन के प्रवेश न देने और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।

इसके अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा चुके हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल सिविक सेंटर में कामकाज सामान्य रूप से जारी है।उधर, दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने इस धमकी को लेकर चिंता जतायी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार इंजन की सरकार होने के बाद भी शहर के प्रथम नागरिक भी सुरक्षित नहीं। नारंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि चार इंजन सरकार में दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था फेल हो गई है, दिल्ली महापौर तक सुरक्षित नहीं।

उल्लेखनीय है कि इसके पहले हाल ही में दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी भरा मेल विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही के बीच आया था। धमकी भरा मेल मिलते ही दिल्ली पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीम ने विधानसभा परिसर की गहन जांच की थी, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।

हिन्दुस्थान समाचार /माधवी/ कुमार अश्वनी

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story