एससी-एसटी समाज की महिलाओं को अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था करे केन्द्र सरकार : मायावती

WhatsApp Channel Join Now
एससी-एसटी समाज की महिलाओं को अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था करे केन्द्र सरकार : मायावती


लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के केन्द्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने एससी-एसटी समाज की महिलाओं को अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की मांग की है।

बसप प्रमुख मायावती ने शनिवार को साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि बसपा ने शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित अवसर दिये जाने की पक्षधर रही है। वह समय—समय पर इसकी मांग भी करती रही है। इस बारे में केन्द्र सरकार के ताजा फैसले का उन्होंने स्वागत किया और कहा है कि अच्छा बल्कि ऐतिहासिक होता अगर सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं ख़ासकर एससी व एसटी समाज की महिलाओं को इसी में ही अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की जाती। ताकि संकीर्ण, जातिवादी, धन व बाहुबल आदि से ग्रसित यहां की चुनावी राजनीति में उन्हें भी सही से भाग लेकर थोड़ा आगे बढ़ने का मौक़ा मिल जाता तो यह निश्चय ही देश व जनहित की बेहतर बात होती। इस पर केन्द्र सरकार अभी भी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह ज़रूर ही उचित व न्यायपूर्ण भी होगा।

मायावती ने आगे कहा कि, वैसे देश की लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा में मौजूदा सीट संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि आदि से सम्बंधित तीन विधेयकों तथा तत्सम्बंधी परिसीमन निर्धारण करने के दौरान में सीटों की सीमा तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ की पूर्ति करने का आरोप कोई नई बात नहीं है। वास्तव में जो भी पार्टी केन्द्र की सत्ता में रहती है वह ऐसे अधिकतर मामलों में देश व जनहित की परवाह कम तथा पार्टी स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।

ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना में बहे हुये तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे व घोषणाओं आदि के छलावा में आये हुये, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह यहाँ देश के लोकतंत्र एवं संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारण्टी होगी, जिसके लिये बसपा तत्पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story