जावेद अख्तर के भगवान राम वाले बयान पर भड़के मौलाना

WhatsApp Channel Join Now
जावेद अख्तर के भगवान राम वाले बयान पर भड़के मौलाना


मुंबई, 18 नवंबर (हि.स.)। भगवान राम और उनके आदर्शों की प्रशंसा करना गीतकार व पटकथा लेखक जावेद अख्तर को भारी पड़ता नजर आ रहा है।

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' और भगवान राम के व्यक्तित्व पर दिए गए लेखक जावेद अख्तर के बयान के बाद ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने उनकी आलोचना की है। रशीदी ने आरोप लगाया कि अख्तर के ऐसे बयान कारोबारी हितों से प्रेरित हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अख्तर को अपना नाम बदलकर ‘राम पाल’ रख लेना चाहिए, ताकि उन्हें हिंदुओं का पूरा सम्मान मिल सके।

मौलाना रशीदी ने कहा कि जावेद अख्तर खुद को सार्वजनिक रूप से नास्तिक बताते रहे हैं, ऐसे में भगवान राम के प्रति उनके विचारों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने अख्तर को फिल्मी कारोबार से जोड़ते हुए कहा कि बॉलीवुड में गाने बिकते हैं और ऐसे बयान नहीं दिए जाएंगे तो उनके गाने कौन खरीदेगा। रशीदी ने उनके परिवार के फिल्म उद्योग से जुड़े होने का भी हवाला दिया और आरोप लगाया कि अख्तर एक साथ दो नावों पर सवार होने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी धार्मिक पहचान पर गर्व करते हैं और अपने सिद्धांतों से समझौता करना सही नहीं मानते।

दरअसल, जावेद अख्तर ने भगवान राम की प्रशंसा करते हुए कहा था कि राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि नैतिकता और जीवन जीने के आदर्शों के प्रतीक हैं। उनके मुताबिक, भगवान राम हर धर्म के भारतीय के खून में हैं। उनके इस बयान के बाद मौलाना की प्रतिक्रिया सामने आई है। इस बीच रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत 'रामायण' भी अपनी कमाई को लेकर चर्चा में है। उपलब्ध सैकनिल्क आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 820.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story