उप्र विस चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर लगातार तीसरी बार जीतेगी भाजपाः नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
उप्र विस चुनाव में कार्यकर्ताओं के दम पर लगातार तीसरी बार जीतेगी भाजपाः नितिन नवीन


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि समर्पित और परिश्रमी कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने संगठन को बूथस्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अगले तीन महीनों की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह

इस मौके पर

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास को घर-घर तक पहुंचाया है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया।

इससे पहले मथुरा पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री पंकज चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। उन्होंने परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सभागार में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

'राधे-राधे, कमल खिला दे' मंत्र के साथ शुरुआत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि योजना बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत 'राधे-राधे, कमल खिला दे' के भाव के साथ हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम सहित किसी भी विपक्षी दल को प्रदेश में सफलता नहीं मिलेगी।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला, गरीब, युवा और किसान को देश की चार प्रमुख श्रेणियों के रूप में चिह्नित किया है। इनके सशक्तिकरण और कल्याण के लिए केंद्र तथा प्रदेश सरकार की ओर से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। भाजपा इन्हीं विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story