‘मांग रहा बंगाल...’ गीत के जरिए मनोज तिवारी ने गरमाया चुनाव प्रचार, भाजपा सरकार बनाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
‘मांग रहा बंगाल...’ गीत के जरिए मनोज तिवारी ने गरमाया चुनाव प्रचार, भाजपा सरकार बनाने की अपील


कोलकाता, 21 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने गीत के जरिए चुनावी माहौल को और गरमा दिया। उत्तर-पूर्व दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने राज्य में बदलाव का संदेश देते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाकर भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की।

कोलकाता पहुंचने के बाद मनोज तिवारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच गीत गाते हुए कहा, “मांग रही बंगाल की धरती, हो जाओ तैयार... परिवर्तन की दरकार, चाहिए भाजपा।” उनके इस अंदाज ने प्रचार अभियान में अलग रंग भर दिया और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

मनोज तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस के लोकप्रिय नारे मां, माटी और मानुष का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की जनता अब वर्तमान सरकार के कथित कुशासन और अव्यवस्था से परेशान हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल अब सुशासन चाहता है और यह केवल भाजपा दे सकती है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सड़क, बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं की स्थिति खराब है। राज्य के कई इलाकों की जर्जर सड़कों का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता परिवर्तन चाहती है।

जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं से अपील करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि लोग अपने और अपने परिवार के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने कहा कि एक-एक वोट बंगाल के भविष्य को तय करेगा, इसलिए मतदाताओं को अपना मत व्यर्थ नहीं करना चाहिए।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव इस वर्ष देश के सबसे चर्चित चुनावी मुकाबलों में शामिल है। राज्य में मतदान दो चरणों में होगा। पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को संपन्न कराया जाएगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाजपा ने चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में अपने कई प्रमुख नेताओं को मैदान में उतारा है। इसी क्रम में मनोज तिवारी को भी राज्य भेजा गया, जहां उन्होंने जनसभाओं और सांस्कृतिक अंदाज के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story