मन की बात के 140वें संस्करण में प्रधानमंत्री मोदी ने नशे को युवाओं के सपनों की बड़ी चुनौती बताया, संचार साथी की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
मन की बात के 140वें संस्करण में प्रधानमंत्री मोदी ने नशे को युवाओं के सपनों की बड़ी चुनौती बताया, संचार साथी की जानकारी दी


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण (एपिसोड) में युवाओं में नशे की लत को उनके सपनों की राह में बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि देश में नशे के खिलाफ समाज की सक्रियता बढ़ रही है और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी तेजी से चल रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने में मददगार संचार साथी प्लेटफार्म और सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए शुरू किए गए आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफार्म की भी जानकारी दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज के हर वर्ग और देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है। इसके जरिए समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा की जाती है और लोगों को जागरूक किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की चर्चा हो रही है। युवा बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन नशा उनके सामने एक बड़ी चुनौती बन गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नशे की लत से बाहर निकलने वाले एक युवक से भी बातचीत की। युवक ने बताया कि वह दिल्ली के सदर बाजार में रहता था और आसपास के लोगों को नशा करते देखकर उसने दसवीं कक्षा में पहली बार नशा किया था। शुरुआत में उसने इसे शौक के तौर पर लिया, लेकिन धीरे-धीरे उसे इसकी लत लग गई। स्थिति ऐसी हो गई कि वह घर के सारे पैसे नशे पर खर्च करने लगा। युवक ने बताया कि उसने इस लत पर काबू पाया और अब पूरी तरह नशे से मुक्त है।

उन्होंने कहा कि ऐसे कई प्रेरक उदाहरण सामने आ रहे हैं, जहां युवाओं ने अपनी इच्छाशक्ति से नशे की लत को हराया है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलकर जीवन को नई दिशा देने वाले युवाओं की सराहना की। कार्यक्रम में मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए बनाए गए डिजिटल प्लेटफार्म ‘आईगॉट कर्मयोगी’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। सरकारी सेवा में 20-25 साल का अनुभव रखने वाले कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ कुछ नया सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस प्लेटफार्म पर 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। लाखों सरकारी कर्मचारी इसके जरिए विभिन्न पाठ्यक्रम पूरे कर चुके हैं। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और भारतीय सांकेतिक भाषा से जुड़े पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एआई और नई तकनीक से संबंधित 200 से अधिक पाठ्यक्रमों में सवा तीन करोड़ से ज्यादा बार पाठ्यक्रम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मूल मंत्र ‘नागरिक देवो भव:’ है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने में मदद करने वाले सरकारी डिजिटल प्लेटफार्म ‘संचार साथी’ के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन में संपर्क नंबर, तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं। ऐसे में फोन खोने पर काफी परेशानी होती है, लेकिन संचार साथी के जरिए उसे वापस पाने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोबाइल फोन की एक विशिष्ट पहचान होती है, जिसे अंतरराष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान संख्या (आईएमईआई) कहते हैं। संचार साथी इसी नंबर के आधार पर खोए हुए मोबाइल की पहचान करने में मदद करता है। मोबाइल फोन खोने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही इस प्लेटफार्म पर आईएमईआई नंबर और जरूरी जानकारी देकर फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है। इसके बाद कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया सिम कार्ड डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785081 Articles

Share this story