मणिपुर में फिर हिंसा: दो लोगों की हत्या के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में फिर हिंसा: दो लोगों की हत्या के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन


इंफाल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा और हत्याओं के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने सोमवार को हमले में मारे गए दो व्यक्तियों के शव मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के मुख्य द्वार के बाहर रख कर प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9.40 बजे इंफाल पूर्वी और कांगपोकपी जिलों की सीमा से सटे नोंगशुम, खोंगबल थांगखुल इलाके में संदिग्ध सशस्त्र हमलावरों ने लोगों के एक समूह पर हमला कर दिया। बताया गया है कि ये लोग पहाड़ी क्षेत्र में जलावन की लकड़ी इकट्ठा करने गए थे। हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हमले में मारे गए लोगों के शव लेकर लाेग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और उन्हें मुख्य द्वार के बाहर रखकर लगातार हो रही हिंसा के प्रति अपना विरोध जताया। बाद में इंफाल पश्चिम जिले की पुलिस की एक टीम ने शवों को अपने कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) के शवगृह में भेज दिया।

घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। आवास के समीप सड़क पर लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई और लोगों को उस मार्ग से गुजरने से रोका गया।

लगातार हो रही हिंसक घटनाओं और लोगों की मौत को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। मृतकों की पहचान और हमले के पीछे के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763531 Articles

Share this story