मणिपुर : थौबल में दो समुदायों के बीच झड़प में एक की मौत और तीन घायल, निषेधाज्ञा लागू

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर : थौबल में दो समुदायों के बीच झड़प में एक की मौत और तीन घायल, निषेधाज्ञा लागू


थौबल (मणिपुर), 19 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के थौबल जिले में रविवार देर रात मैतेई और मैतेई पांगल समुदायों के सदस्यों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हिंसा के दौरान कई घरों और वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में निषेधाज्ञा लागू करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, अज्ञात उपद्रवियों की गोलीबारी में छर्रे लगने से लैशराम राकेश (24) गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना में कम से कम तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11.30 बजे थौबल थाने के अंतर्गत खांगाबोक गांव में एक कार्यक्रम के दौरान विवाद शुरू हुआ। वहां आयोजित संगीत कार्यक्रम के लिए निर्धारित मैदान पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मामला बढ़ गया और मैतेई तथा मैतेई पांगल समुदायों के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मैतेई पांगल समुदाय को मणिपुरी मुस्लिम समुदाय के नाम से भी जाना जाता है।

हिंसा पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने रविवार रात 11 बजे से प्रभावित क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अतिरिक्त जवानों को भी तैनात किया गया है।

सोमवार सुबह तक स्थिति नियंत्रण में बताई गई, हालांकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रही। झड़प के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763367 Articles

Share this story